भिंड जिले की लहार सबजेल से कैदी के गोली मारने का इशारा करते हुए बुधवार रात एक वीडियो सामने आया है। वीडियो ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, यह वीडियो कुछ दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में आरोपी के सहयोगी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए बातचीत करते और हाथों से गोली चलाने जैसे इशारे करते नजर आ रहे हैं। वीडियो रौन थाना क्षेत्र के बहादुरपुरा गांव में हुए गोलीकांड में युवक की हत्या के आरोपियों से संबंधित बताया जा रहा है। ‘दैनिक भास्कर’ इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में कथित तौर पर दोनों आरोपी जेल के अंदर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। इस हत्याकांड के दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। जेल के अंदर मोबाइल फोन का उपयोग और वीडियो का रिकॉर्ड होना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक को दर्शाता है। जेल कर्मचारियों को सघन जांच के निर्देश यह वीडियो जेल परिसर के भीतर से ही बनाया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मुख्य द्वार पर सघन जांच के बाद ही किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने दिया जाता है, ऐसे में मोबाइल फोन का अंदर पहुंचना सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता है। इससे भविष्य में अन्य सामग्री के अंदर पहुंचने और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका भी बढ़ जाती है। इस मामले में जेलर कल्याण खांडे ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कर्मचारियों को लोगों की और सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं।


