नीमच की जिला प्रभारी मंत्री और प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया गुरुवार सुबह सड़क मार्ग से रतलाम होते हुए नीमच सर्किट हाउस पहुंचीं। वे यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगी। कलेक्टर-एसपी ने किया औपचारिक स्वागत सुबह ठीक 10:30 बजे उनके आगमन पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके तुरंत बाद जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। बीजेपी कार्यालय पर संगठन बैठक में होगी शामिल मोहन सरकार की कैबिनेट मंत्री के रूप में श्रीमती भूरिया का आज का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। वे कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद भाजपा जिला कार्यालय पर संगठन की बैठक में हिस्सा लेंगी। साथ ही, वे वाणिज्य विभाग और अपने विभागीय कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक वे स्थानीय आयोजनों में शामिल होंगी। इसके बाद शाम 5 बजे वे झाबुआ के लिए प्रस्थान करेंगी। उनके इस दौरे को जिले की लंबित योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।


