दमोह में दूषित खाने से 14 ग्रामीण बीमार:कोदो की रोटी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत; पटेरा से जिला अस्पताल रेफर, इलाज जारी

दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक के बेलखेड़ी गांव में बुधवार रात दूषित खाना खाने से 14 ग्रामीण बीमार हो गए। सभी को तत्काल पटेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, सभी मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने रात में कोदो की रोटी और चने की भाजी खाई थी। खाना खाने के कुछ देर बाद ही उन्हें चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गई। एक के बाद परिवार के 14 लोग बीमार पड़ गए। परिजन मानसिंह लोधी ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर सभी बीमारों को तुरंत पटेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया। सभी आसपास ही रहते हैं। इन्होंने एक साथ किसी आदिवासी से कोदो खरीदा था। चने की भाजी भी खेत से ही तोड़कर बनाई थी। डॉक्टरों का कहना है कि आशंका है कि कोदो में कीटनाशक छिड़का गया हो। इन्होंने उसे बिना धोए इस्तेमाल किया हो। अलग-अलग परिवार से है ग्रामीण कोदो की रोटी खाने से जिन ग्रामीणों की हालत बिगड़ी है वह सभी अलग-अलग परिवार से है। जिसमें आदिवासी और लोधी परिवार के मरीज शामिल हैं। एक मरीज के परिजन मानसिंह लोधी ने बताया कि गांव के ही एक आदिवासी ने कोदों अपने खेत में बोया था। जिसे हम लोगों ने खरीदकर रोटी बनाकर खाई थी। जिसके गांव के 14 लोग बीमार हुए जिन्हें डायल 112 की सहायता से पहले पटेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम अलर्ट घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम मौजूद थी। देर रात मरीजों के अस्पताल पहुंचते ही उन्हें आईसीयू वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। बीमार हुई महिला फूलबाई ने भी बताया कि सभी ने कोदो की रोटी और चना की भाजी खाई थी, जिसके बाद बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी को उल्टियां होने लगीं और उन्हें अस्पताल लाना पड़ा। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल ने पुष्टि की कि पटेरा से लगभग 11 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि सभी का इलाज डॉक्टरों की टीम कर रही है और उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। बीमार हुए ग्रामीणों की सूची बीमार ग्रामीणों में लक्ष्मी रानी पति रज्जू लोधी (40), लोक सिंह पिता कंछेदी (55), चैन सिंह पिता हरि सिंह (55), हल्की बहु पति जगन सिंह, राजकुमारी पति मानसिंह (30), रेवती पिता लखन सिंह (7), आदर्श पिता गोपाल सिंह (9), राधिका पिता मानसिंह (11), ओमकार पिता मानसिंह (5), मायरानी पति लोक सिंह (45) और सुरेश सिंह पिता लोक सिंह शामिल हैं। सभी मरीज ग्राम बेलखेड़ी के निवासी हैं। जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर विजय पथोरिया ने बताया कि रात में सभी ग्रामीणों को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया था। डॉक्टरों की टीम के द्वारा सभी का इलाज शुरू किया गया और धीरे, धीरे उनकी हालात सामान्य हो गई। अभी इन लोगों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *