छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम करवडोल में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने खेत में बने कमरे में सो रहे युवक की मौत के घाट उतार दिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी लगते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अमरवाड़ा थाने से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नितेश (26) पिता जगन्नाथ वर्मा के रूप में हुई है। नितेश रोजाना की तरह अपने खेत में बने कमरे में सोने के लिए गया था। भाई ने दरवाजा खुला देखा, अंदर पड़ी थी लाश गुरुवार सुबह जब मृतक का बड़ा भाई खेत पर पहुंचा, तो उसे झोपड़ी का दरवाजा खुला मिला। उसने अंदर जाकर देखा तो नितेश का शव पड़ा हुआ था। शरीर पर गंभीर चोटें, पहले की गई मारपीट ग्रामीणों और परिजनों की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। इससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी। TI मौके पर पहुंचे, हर एंगल से हो रही जांच सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक (TI) राजेंद्र धुर्वे और उप निरीक्षक सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मृतक के पारिवारिक, सामाजिक और आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, ताकि हत्या के कारणों का खुलासा हो सके और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


