राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में करौली में वन विभाग ने जिला मुख्यालय पर प्रभात फेरी सहित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। उप वन संरक्षक सुमित बंसल के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित राजस्थान और प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश देना था। इन कार्यक्रमों के तहत महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल, करौली से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ। इसमें स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “नगरी-नगरी पेड़ लगाओ”, “जंगल बचाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारे लगाए। प्रभात फेरी स्कूल परिसर से शुरू होकर फुले कॉलोनी, शिकारंज रोड फैक्ट्री तिराया, गौरव पथ, गोमती कॉलोनी सी-ब्लॉक होते हुए वापस स्कूल में समाप्त हुई। प्रभात फेरी के बाद वन विभाग के वन सहायक प्रेमचंद सैन, मुनेश शर्मा, समय सिंह, रविकांत, निशा मीणा, सोनम चतुर्वेदी और अन्य वनकर्मियों ने प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत आमजन को कपड़े के थैले वितरित किए। इस दौरान लोगों से प्लास्टिक के उपयोग से बचने और दैनिक जीवन में कपड़े के बैग अपनाने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त वन विभाग ने जिले की विभिन्न नर्सरियों में बीजारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। स्वतंत्रता सेनानी चिरंजीलाल शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, करौली में प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का महत्व समझाया गया। प्रभात फेरी के दौरान महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल के निदेशक प्रेमसिंह माली, प्रधानाचार्य धर्मसिंह जेरिया और व्याख्याता ममता, रामकुमार, हरि सिंह मीणा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल, गणेश गेट करौली द्वारा भी एक अलग प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें शिक्षक मुकेश शर्मा सहित अन्य शिक्षक शामिल थे।


