बुरहानपुर में कॉलोनाइजर पर प्लॉट के नाम पर ठगी:आरोप- किश्तों में जमा 1.12 लाख नहीं लौटाए; एसपी से जांच की मांग

बुरहानपुर में कॉलोनाइजरों से पीड़ित कुछ लोगों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से गुरुवार को शिकायत की है। इन पीड़ितों ने प्लॉट के लिए जमा की गई अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की। उनका आरोप है कि कॉलोनाइजरों ने उन्हें प्लॉट बेचने का झांसा दिया, लेकिन अब न तो प्लॉट दे रहे हैं और न ही पैसे वापस कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं, शेख सिकंदर (निवासी कारंज बाजार) और सादिक उल्ला (निवासी बैरी मैदान) ने दो कॉलोनाइजरों पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, कॉलोनाइजरों ने हनुमान बसाड़ रोड पर अहमद नगर पार्ट 2 के नाम से एक कॉलोनी विकसित की और आसान किश्तों पर प्लॉट उपलब्ध कराने का लालच दिया। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें 20×25 फीट (कुल 500 वर्गफीट) के प्लॉट के लिए प्रति माह 2800 रुपए की 36 किश्तें और हर छह किश्तों के अंतराल पर लकी ड्रा योजना के तहत 1950 रुपए अतिरिक्त (कुल 4750 रुपए प्रति किश्त) जमा करने को कहा गया था। दो लोगों ने किश्तों में कुल 1 लाख 12 हजार 500 रुपए जमा किए हैं, जिसकी प्रविष्टियां कॉलोनाइजर द्वारा दिए गए कार्ड में भी दर्ज हैं। पीड़ितों ने कई बार रजिस्ट्री के लिए कहा, जिस पर उन्हें आश्वासन दिया जाता रहा। लगभग 20 दिन पहले जब उन्होंने फिर रजिस्ट्री के लिए संपर्क किया, तो कॉलोनाइजर ने बताया कि प्लॉट किसी और को बेच दिया गया है। जब पीड़ितों ने 1 लाख 12 हजार 250 रुपए और ब्याज राशि की मांग की, तो कॉलोनाइजर ने ब्याज तो दूर, मूल राशि भी वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ितों ने एसपी से जांच और कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर कॉलोनाइजर डॉक्टर सादिक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र में आ गई है। उन्होंने यह भी बताया कि वे कई लोगों का पैसा पहले ही वापस कर चुके हैं और जिन लोगों का बकाया है, उनका पैसा भी जल्द लौटा दिया जाएगा। डॉक्टर सादिक ने दावा किया कि उनकी ओर से लोगों के साथ किसी भी तरह की मनमानी नहीं की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *