रायसेन में गुरुवार को एक शातिर चोर को व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह चोर सागर रोड स्थित श्रीनाथ होलसेल किराना स्टोर पर कई दिनों से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। चोर दुकान के पीछे लगे एक पेड़ पर चढ़कर खिड़की तोड़ता था और फिर दुकान में घुसकर चोरी करता था। उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। दुकान संचालक सोनू महेश्वरी ने जब अपनी दुकान खोली तो सामान अस्त-व्यस्त मिला और काउंटर से नकदी व कुछ अन्य सामान गायब था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें चोर की पहचान हो गई। गुरुवार सुबह सोनू महेश्वरी ने चोर को बाइक से जाते हुए देखा और पहचान लिया। जब उन्होंने चोर को रोकने की कोशिश की, तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा। सोनू महेश्वरी और कुछ स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया और कोतवाली थाने ले गए। पुलिस चोर से पूछताछ कर रही है। थाना कोतवाली प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि पूछताछ के बाद अन्य चोरियों का भी खुलासा होने की संभावना है। व्यापारी सोनू महेश्वरी का कहना है कि चोर से यह जानकारी भी ली जाएगी कि उसने कितना सामान चुराया है और उसे किन व्यापारियों को या किस स्थान पर बेचा है। इससे चोरी हुए सामान का सही आकलन हो सकेगा, क्योंकि दुकान में थोक किराने की सामग्री बड़ी मात्रा में रखी रहती है।


