शहर के एक निजी होटल में आयोजित फैशन शो शहरवासियों के लिए यादगार बन गया। रैंप पर फैशन डिजाइनरों की रचनात्मक प्रस्तुति, मॉडलों के आकर्षक अंदाज और अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फैशन, व्यवसाय और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। शो के दौरान डिजाइनर प्रवीण श्रीवास्तव, नेहा श्रीवास्तव और जसलीन पिंकी के परिधानों को दर्शकों से खूब सराहना मिली। पहले चरण में मॉडलों ने ड्रेप्ड कट परिधान, अंगरखा कुर्ते, क्रॉप टॉप के साथ स्कर्ट, फ्लेयर्ड गाउन और इवनिंग बॉल गाउन पहनकर इंडो-वेस्टर्न कलेक्शन की शानदार झलक पेश की। रैंप पर रंग, डिजाइन और कट्स का संतुलन दर्शकों को खूब भाया। पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन
दूसरे चरण में पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें हैंडवर्क लहंगे और शेरवानी कलेक्शन शामिल रहे। कढ़ाई और बारीक कारीगरी वाले इन परिधानों ने रैंप पर पारंपरिक शान को जीवंत कर दिया। इसी कार्यक्रम के दौरान बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025 का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यवसायियों, पेशेवरों और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में शहर में कैफे अमांते को उत्कृष्ट कार्यशैली, नवाचार और उच्च गुणवत्ता की सेवाओं के लिए बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने अपनी पुस्तक ‘इट्स ईजी टू बी हेल्दी’ को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर उनसे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल करते हैं। इसी से उन्हें यह समझ आया कि फिट रहना कोई जादू नहीं, बल्कि अनुशासन और निरंतर मेहनत का नतीजा है। यही सोच उनकी किताब की प्रेरणा बनी।


