गुना में सास-बहू के पैसे चुरा ले गया चोर:88 हजार और चांदी की करधनी पार की; खिड़की तोड़कर घुसा बदमाश

गुना जिले के कुंभराज इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। यहां घर में रखे सास और बहू के पैसे अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। दोनों ने समूह के जरिए बैंक से लोन लिया था, जिसके 44-44 हजार रुपए (कुल 88,800 रुपए) घर में रखे थे। वारदात उस समय हुई, जब पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। खटकिया गांव की रहने वाली अनीता कुशवाह (30) पत्नी चंदन कुशवाह ने बुधवार को कुंभराज थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह अपनी सास बदाम बाई और गांव की 7 अन्य महिलाओं (कुल 9) के साथ मिलकर समूह चलाती है। जरूरत पड़ने पर वे हर साल एसबीआई बैंक से लोन लेती हैं। इस वर्ष भी 9 दिसंबर को समूह ने एसबीआई कुंभराज से 4 लाख रुपए का लोन लिया था। जिसे आपस में बांटा गया था। अनीता और उसकी सास के हिस्से में 44,400-44,400 रुपए आए थे। अनीता ने ये पैसे कमरे में सिंगल बेड पर तकिये के नीचे एक थैले में रख दिए थे। साथ ही वहां चांदी का एक कमरपेठा (करधनी) भी रखा था। पति ऑटो लेकर गया, पीछे से हुई वारदात अनीता ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे उसके पति चंदन अपना ऑटो लेकर और बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकल गए थे। इसके बाद अनीता भी घर का ताला लगाकर सास के पास कुएं (खेत) पर चली गई थी। शाम को पति ऑटो लेकर बच्चों के साथ कुएं पर आए, जिसके बाद पूरा परिवार एक साथ घर लौटा। खिड़की का कांच टूटा मिला, तकिए के नीचे खाली थैला पड़ा था घर के मेन गेट का ताला खोलकर जब परिवार अंदर गया, तो देखा कि एक कमरे की खिड़की का कांच टूटा हुआ है। दूसरे कमरे का गेट खुला पड़ा था और उसका ताला गायब था। जिस कमरे की खिड़की टूटी थी, वहां जाकर देखा तो अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अनीता ने घबराकर बेड के तकिये के नीचे देखा, तो वहां सिर्फ खाली थैला पड़ा मिला। उसमें रखे दोनों के लोन के पैसे (कुल 88,800 रुपए) और चांदी का कमरपेठा गायब था। दिनदहाड़े गली के रास्ते आया चोर पीड़िता ने बताया कि चोर दिन में 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच गली वाले रास्ते से आया और खिड़की तोड़कर घर में घुसा। अनीता की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार शाम अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *