मुरैना सिटी कोतवाली क्षेत्र के नैनागढ़ रोड स्थित मयूर टॉकीज के पीछे पाठक गली में चोरी की वारदात हुई है। यहां अपने दोस्त से मिलने पहुंचे एक युवक की बाइक अज्ञात चोर उड़ा ले गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी है। गणेश पुरा निवासी शिवम परमार ने बताया कि वह 17 दिसंबर को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच अपने दोस्त से मिलने उसके घर गया था। उसने अपनी ब्लैक बजाज पल्सर (क्रमांक MP06 ZJ 2702) दोस्त के घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान मौका पाकर चोर बाइक चोरी कर ले गया। आवाज न आए इसलिए स्टार्ट नहीं की, पैदल ले गया चोरी की यह घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में चोर की चालाकी साफ दिखाई दे रही है। चोर ने बाइक का ताला तोड़ा, लेकिन उसे वहीं स्टार्ट नहीं किया, ताकि किसी को इंजन की आवाज न सुनाई दे। वह बाइक को पैदल ही घसीटते हुए बड़े आराम से ले गया और कहीं आगे जाकर स्टार्ट करके फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पहचान में जुटी पुलिस सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि बाइक चोरी का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गया है। पुलिस उसी के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


