धार के इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर बुधवार रात डीजल चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अथर क्षेत्र में रामदेव राईका होटल के पास खड़े सात कंटेनरों से अज्ञात बदमाशों ने हजार लीटर से अधिक डीजल चुरा लिया। यह वारदात देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि सभी कंटेनर चालक रात में अपने वाहन खड़े कर अंदर सो रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने डीजल टैंकों के ढक्कनों के ताले तोड़े और बाल्टियों व कैनों का उपयोग कर डीजल निकाल लिया। चोरी की पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाश डीजल भरकर मौके से जाते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही होटल संचालक और कंटेनर चालकों ने नौगांव पुलिस को सूचित किया। नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त कर लिए हैं। कंटेनर चालक ब्रिजेश ने बताया कि कुल सात कंटेनर खड़े थे और सभी चालक अंदर सो रहे थे, जिससे उन्हें चोरी का पता नहीं चला। सुबह होटल के चौकीदार ने डीजल चोरी की सूचना दी। कंटेनर इंदौर से अहमदाबाद जा रहे थे
ब्रिजेश के अनुसार, ये कंटेनर इंदौर से अहमदाबाद जा रहे थे और देर रात होने के कारण यहां रुके थे। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, सातों कंटेनरों से एक हजार लीटर से अधिक डीजल चोरी हुआ है, जिसकी कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। नौगांव थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर लिए गए हैं और उनके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। होटल संचालक रितेश नाथ ने बताया कि उनके परिसर में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचित किया था। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और पूरे मामले की गहन जांच करने में जुटी है।


