धालीवाल ने जीत के बाद दरबार साहिब में टेका मत्था:अमृतसर में अकाली दल पर कसा तंज; बोले- 2027 में फिर AAP सरकार

पूर्व कैबिनेट मंत्री और अजनाला अमृतसर से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल आज अपने हलके के विजयी ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों के साथ सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेककर मिली जीत के लिए वाहेगुरु का शुक्राना अदा किया। इस दौरान दरबार साहिब परिसर में श्रद्धा और खुशी का माहौल देखने को मिला। मत्था टेकने के बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब भर में आम आदमी पार्टी को पंचायत चुनावों में बड़ी बढ़त मिली है। कई जिलों और ब्लॉकों में पार्टी के उम्मीदवार भारी मतों से विजयी हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत आम लोगों के भरोसे और समर्थन की जीत है, जिसे पार्टी कभी नहीं भूलेगी। धालीवाल ने कहा कि चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की धांधली या दबाव नहीं बनाया गया। जनता ने विकास और ईमानदार राजनीति को चुना है, जिसका नतीजा आज सामने है। अकाली दल पर तंज, वापसी का सपना अधूरा अकाली दल पर तंज कसते हुए धालीवाल ने कहा कि भले ही एक-दो जगहों पर अकाली दल को सफलता मिली हो, लेकिन इससे कोई बड़ा राजनीतिक फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि अकाली दल सत्ता में वापसी के सपने देख रहा है, लेकिन ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे। अपने पैतृक गांव जगदेव कलां से हार पर कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि इससे साबित होता है कि आम आदमी पार्टी ने किसी पर दबाव नहीं बनाया। राजा सांसी के लोग स्वतंत्र हैं और अपनी इच्छा से वोट करते हैं। उन्हें हराने के लिए सभी पार्टियां एकजुट थीं। 2027 में फिर बनेगी आप सरकार पूर्व कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनावों में भी पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी पर ही भरोसा जताएगी और राज्य में दोबारा आप की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियां जनहित में हैं और सरकार लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास को प्राथमिकता दे रही है। विजयी सदस्यों से विकास को प्राथमिकता देने की अपील धालीवाल ने विजयी पंचायत और जिला परिषद सदस्यों से अपील की कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें और गांवों के विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की असली ताकत जनता है और उसी के भरोसे पार्टी आगे भी सेवा और विकास का रास्ता तय करती रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *