कटनी में पेड़ पर लटका मिला छात्र का शव:पास में मिला जला लैपटॉप; पासपोर्ट के लिए घर से था निकला

कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया के जंगलों में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ से गमछे के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने गुरुवार को मृतक की पहचान उमरिया जिले के ग्राम बिजला निवासी पवन कुमार (लगभग 23 वर्ष) पुत्र नरेंद्र सिंह ठाकुर के रूप में की। घटनास्थल से एक जला हुआ लैपटॉप भी बरामद हुआ है, जिससे मामले की जांच उलझ गई है। पुलिस को मौके पर पवन का शव पेड़ पर लटका मिला, जबकि उसके पास ही उसका लैपटॉप पूरी तरह जला हुआ पाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मौके से जला हुआ लैपटॉप बरामद होने से मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस लैपटॉप जलाने के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घटनास्थल को सील कर दिया। पासपोर्ट बनवाने निकला था घर पवन जबलपुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह लगभग एक सप्ताह पहले पासपोर्ट बनवाने के लिए घर से निकला था। उसने बताया था कि वह पहले सतना जाएगा और फिर वहां से जबलपुर जाएगा। पहली नजर में सुसाइड का मामला सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके से जला हुआ लैपटॉप बरामद होना मामले को संदिग्ध बनाता है। उन्होंने कहा कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *