दतिया में अवैध गैस रिफिलिंग और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ खाद्य आपूर्ति विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई की। जिला आपूर्ति अधिकारी सनत शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने उनाव रोड स्थित मम्माजू के बाग के पास छापा मारकर एक दुकान से 110 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए। यह दुकान गौरी शंकर प्रजापति की बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम को दुकान और गोदाम के ताले तोड़ने में करीब पांच घंटे लगे। विभाग के मुताबिक, दुकान संचालक वाहनों में अवैध रूप से गैस भरने के साथ-साथ सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग कर रहा था। टीम के मौके पर पहुंचते ही संचालक फरार हो गया, हालांकि कुछ समय बाद वह वापस लौट आया। पहले भी हुई है अवैध गैस सिलेंडरों की जब्ती
खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे में गोदाम का ताला तोड़ा। इस दौरान विभाग में पदस्थ इंस्पेक्टर राजेश जाटव ने खुद करीब 20 मिनट तक ताला तोड़ने की कार्रवाई की। पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। जिला आपूर्ति अधिकारी सनत शुक्ला ने बताया कि जब्त किए गए सभी गैस सिलेंडरों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुकान संचालक गौरी शंकर प्रजापति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी इसी जगह से अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी थीं।


