विधायक पर आरोप लगाने वाले पटवारी के खिलाफ प्रदर्शन:भाजपा और आदिवासी समाज विरोध में; पटवारी पर आरोप- नशे में अभद्रता की थी

सागर की देवरी विधानसभा में पटवारी द्वारा विधायक बृजबिहारी पटेरिया पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पटवारी संघ के ज्ञापन के बाद गुरुवार को देवरी विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी समाज के लोगों ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। बताया कि प्रदेश लोक संस्कृति विभाग के तत्ववाधान में मप्र में आदिवासी जननायकों पर आधारित नाट्य रूपातंरण के कार्यक्रमों का मंचन किया जा रहा है। इसी के तहत गौरझामर में 12 से 3 दिवसीय कार्यक्रम रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दूसरे दिन 12 दिसंबर को गौरझामर में पदस्थ पटवारी दुर्गेश चढ़ार ने नशे की हालत में हमारे जननायकों के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। जिस पर स्वजातीय नीतेश गौंड ने आपत्ति ली तो उसके साथ गालीगलौज कर पीटा गया। कार्यक्रम आगे न करने को धमकाया गया। पटवारी पर कार्रवाई कर बर्खास्त करने की मांग
उक्त घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटेरिया को फोन पर दी गई। पुलिस थाना गौरझामर में शिकायती आवेदन दिया गया। घटना के चलते आदिवासी समाज के जननायकों का अपमान हुआ है। जिसे हम अपना अपमान मानते हैं। आदिवासी समाज ने मांग करते हुए कहा कि उक्त भ्रष्ट पटवारी पर सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें शासकीय सेवा से पृथक किया जाए। कार्रवाई नहीं होने पर आदिवासी समाज ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। नेता बोले- पटवारी के कृत्य से देवरी की बदनामी हुई
भाजपा नेता अनिल ढिमोले ने कहा कि पटवारी जनता की सेवा करने वाला होता है। पटवारी के कृत्य से देवरी की बदनामी हुई है। उन्होंने जननायकों के कार्यक्रम में नशे की हालत में कलाकारों से अभद्रता कर मारपीट की। विधायक मौके पर पहुंचे और पटवारी से बात की तो पटवारी बात करने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने फटकार लगाकर पटवारी को मौके से जाने का बोला था। कांग्रेस पूरे मामले में प्रोपगेंडा बना रही है। पटवारी संघ ने की थी देवरी विधायक पर कार्रवाई की मांग
दरअसल, 15 दिसंबर को पटवारी संघ ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था। जिसमें आरोप लगाते हुए कहा था कि 13 दिसंबर को गौरझामर मौजा के पटवारी दुर्गेश चढ़ार को अनुविभागीय अधिकारी के मौखिक आदेश पर आदिम जाति विभाग के जननायक सांस्कृतिक कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात किया गया था। रात के समय कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति देखने के लिए उन्हें थाना गौरझामर भेजा गया। जहां कोई मौजूद नहीं था। संघ का आरोप है कि इसके बाद देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने पटवारी को बुलवाया। विधायक ने पटवारी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। पटवारी संघ ने विधायक पर कार्रवाई की मांग की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *