जिला कलेक्टर ने किया नेत्र जांच शिविर का शुभारंभ:सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मिनी सचिवालय में वितरित किए चश्मे

झालावाड़ में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मिनी सचिवालय के गेट पर नेत्र जांच और चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने राहगीरों को चश्मे वितरित कर शिविर का शुभारंभ किया। यह शिविर राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस शिविर में कुल 256 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 129 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। शिविर के दौरान राहगीरों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जागरूक किया गया। इनमें रात में ड्राइविंग के समय हेडलाइट का सही उपयोग, कोहरे में ड्राइविंग की सावधानियां, नियमित आंखों की जांच और थकान होने पर वाहन न चलाने जैसे विषय शामिल थे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले के सभी टोल प्लाजा और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक कुल 1536 वाहन ड्राइवरों, परिचालकों और अन्य लोगों की जांच की जा चुकी है। इस अभियान के तहत अब तक 359 चश्मों का वितरण किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *