डीडवाना क्षेत्र में लोगों को उकसाकर और दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में लालचंद डेविड नामक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गरीब और पिछड़े वर्ग के 15 से अधिक लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि लालचंद डेविड लोगों पर हिंदू देवी-देवताओं की पूजा नहीं करने और प्रभु यीशु की आराधना करने का दबाव बनाता था। इस संबंध में डीडवाना निवासी राहुल ने गत दिवस डीडवाना पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस उप अधीक्षक जीतू सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में धर्म परिवर्तन की पुष्टि हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लालचंद डेविड पहले हिंदू धर्म का अनुयायी था। करीब आठ वर्ष पूर्व अपनी माता की बीमारी के दौरान वह ईसाई पादरियों के संपर्क में आया। माता के स्वस्थ होने को चमत्कार मानते हुए उसने ईसाई धर्म अपना लिया। इसके बाद से वह ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हो गया। कुछ समय पहले आरोपी डीडवाना आया, जहां उसने हरिजन समाज के गरीब और कम शिक्षित लोगों को निशाना बनाकर उन्हें बरगलाना शुरू किया। उसके प्रभाव में आकर कई लोगों ने धर्म परिवर्तन कर लिया। पुलिस जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि एक युवती ने आरोपी के प्रभाव में आकर धर्म परिवर्तन किया और अपनी शादी के कार्ड में ईसाई धर्म से जुड़े प्रतीक और प्रभु यीशु की शिक्षाएं भी छपवाईं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, धर्म परिवर्तन के और भी मामले सामने आने लगे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लालचंद डेविड को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों का धर्म परिवर्तन करवाया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी मिशनरी समूह से जुड़ा है या उसे किसी प्रकार की फंडिंग मिल रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।


