बांगड़ अस्पताल में मदर लैब शुरू:अब 150 जांचें 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध होंगी, ऑनलाइन भी मिलेगी जांच रिपोर्ट

डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में गुरुवार को मदर लैब का उद्घाटन किया गया। राजस्थान सरकार की पहल के तहत यह लैब क्रिसना डायग्नोस्टिक कंपनी द्वारा पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर संचालित की जाएगी। भाजपा विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह जोधा ने फीता काटकर और स्मारक पट्टिका का अनावरण कर लैब का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओडिंट, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मनीष ओझा, भाजपा नेता प्रवीण तेजस्वी, सुरेश योगी और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह थेबड़ी मौजूद रहे। अस्पताल की ओर से प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह शेखावत, लैब प्रभारी डॉ. सरिता नेत्रा और नर्सिंग अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद टाक भी उपस्थित थे। क्रिसना डायग्नोस्टिक के प्रतिनिधि दीपक बिसेन, लैब मैनेजर ऋषभ सिंह और मुकेश तुनवाल सहित लैब स्टाफ ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने हाल ही में क्रिसना डायग्नोस्टिक्स कंपनी के साथ राजस्थान के चिकित्सा संस्थानों में जांच संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का करार किया है। इसी कड़ी में डीडवाना के बांगड़ जिला अस्पताल में इस मदर लैब की स्थापना की गई है। कंपनी ने अस्पताल की पूर्व संचालित पैथोलॉजी लैब का पूर्ण अधिग्रहण कर लिया है और अब इसका संचालन पूरी तरह क्रिसना डायग्नोस्टिक द्वारा किया जाएगा।
इस मॉडर्न मदर लैब के माध्यम से आमजन को 150 प्रकार की जांचों की सुविधा 24 घंटे पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को लगभग सभी प्रकार की सामान्य व विशिष्ट जांचें एक ही स्थान पर मिल सकेंगी, जिनके लिए पहले उन्हें बाहर जाना पड़ता था। यह मदर लैब समूचे डीडवाना-कुचामन जिले के विभिन्न अस्पतालों से विशिष्ट जांचों के सैंपल प्राप्त करेगी और उनकी रिपोर्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराएगी। स्थानीय मरीजों को जांच रिपोर्ट वॉट्सऐप के माध्यम से भी प्रदान की जाएगी। उद्घाटन के बाद जितेंद्र सिंह जोधा और अन्य अतिथियों ने मदर लैब, रजिस्ट्रेशन काउंटर और सैंपल संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया। कंपनी के अधिकारियों ने लैब की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *