पुनीत मीणा ने देशभर में हासिल की छठी रैंक:ग्रामीण परिवेश से निकलकर IIT कानपुर के छात्र ने रचा इतिहास

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा (ESE) 2025 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में लोयल के पुनीत मीणा ने भारत में सामान्य वर्ग में छठी (6th) रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पुनीत की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो ग्रामीण परिवेश की बाधाएं सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। पवन आलड़िया ने बताया कि पुनीत ने अपनी मेहनत के दम पर अपनी पिछली रैंक में जबरदस्त सुधार किया है। इससे पूर्व की यूपीएससी ईएसई परीक्षा में पुनीत ने एसटी (ST) वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान और सामान्य वर्ग में 42वीं रैंक प्राप्त की थी। इस बार उन्होंने टॉप-10 में जगह बनाकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। उनके पिता रामजीलाल मीणा एक शिक्षक है। वहीं माता सुशीला देवी एक कुशल गृहिणी हैं। पुनीत की सफलता का श्रेय उनके माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया। पुनीत की शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत कृष्ण नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुई। अपनी प्रारंभिक शिक्षा यहीं से पूरी करने के बाद, उन्होंने अपनी तकनीकी शिक्षा के लिए देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी (IIT) कानपुर में प्रवेश लिया। वहां से बीटेक करने के बाद उन्होंने लोक सेवा के माध्यम से देश सेवा का संकल्प लिया और आज वह मुकाम हासिल कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *