धौलपुर ने राजस्थान क्रिकेट संघ की अंडर-14 जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में चूरू को 330 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। यह मुकाबला जयपुर के पीएस क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धौलपुर की टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 408 रन का विशाल स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज आदित्य शर्मा ने 32 चौके और 4 छक्कों की मदद से 201 रन बनाए। उनके साथी बल्लेबाज आयुष ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 चौके और 6 छक्कों के साथ 160 रन का योगदान दिया। समर प्रताप ने 31 रन बनाए। 409 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चूरु की टीम धौलपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम महज 78 रन पर ऑल आउट हो गई। धौलपुर की ओर से पंकज और जिज्ञायंश ने 3-3 विकेट लिए, जबकि हनु बंसल ने 2 विकेट झटके। इस जीत के साथ धौलपुर की टीम ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। आदित्य शर्मा को उनके दोहरे शतक के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।


