ADGदिनेश एमएन बोले-अपराधियों से बात करने वाले भी गिरफ्तार होंगे:सीकर-झुंझुनूं की क्राइम मीटिंग, अपराधियों की मंजिल गोली और जेल, शेखावाटी से अपराध-नशा खत्म करेंगे

राजस्थान एंटी टैरिरिज्म स्क्वॉयड, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के ADG दिनेश एमएन ने आज सीकर पुलिस लाइन में सीकर-झुंझुनूं के पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। मीटिंग में सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत और झुंझुनूं एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय भी मौजूद रहे। ADG दिनेश एमएन ने सीकर-झुंझुनूं के ASP, DSP और थानाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा की। ADG दिनेश एमएन ने अधिकारियों से चर्चा के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आज की मीटिंग में दोनों जिलों से जुड़ी गैंगवार, एनडीपीएस और आतंकवादी गतिविधियों के बारे में चर्चा की। शेखावाटी में पहले भी गैंगवार काफी रहा हुआ है। अभी हाल ही में भी एक वारदात हुई है, उसके बारे में भी पुलिस अधिकारियों से चर्चा की है। आमजन को धमकियां देने व फिरौती मांगने में स्थानीय और विदेशों में बैठकर ऑपरेट करने वाली बाहरी गैंग सामने आई हैं, उनके खिलाफ एक्शन लेने और आगामी रणनीति के बारे में भी चर्चा की गई है। सीकर व झुंझुनू जिले में नशे के सेवन और तस्करी से जुड़ी वारदातों को रोकने की रणनीति पर भी चर्चा हुई है। अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए हैं और साथ ही जरूरी निर्देश भी दिए गए हैं। ADG दिनेश एमएन ने बताया कि वारदात से पहले जो लोग रैकी करते हैं, उनके इकोसिस्टम को तोड़ने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। दोनों जिलों में पुलिस इस दिशा में अच्छा काम कर रही है। पुलिस के जिला स्तरीय अधिकारियों व प्रदेश स्तरीय अधिकारियों के इनपुट आपस में शेयर करके अपराधियों की कमर तोड़ने की कार्रवाई आगामी दिनों में की जाएंगी। अपराधियों की प्रॉपर्टी जब्त करने और संगठित अपराध को रोकने की नए कानून बने हैं, उनके तहत अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की अवैध संपत्तियों को तोड़ने का काम किया जाएगा और नई गैंगों में गैंगस्टर से जुड़ने वाले व फॉलो करने वाले लोगों की पहचान की जाएगी और उनको तुरंत गिरफ्तार करके क्रिमिनल रिकॉर्ड की लिस्टिंग करके उनके खिलाफ कार्रवाई लगातार की जा रही है। ADG दिनेश एमएन ने कहा कि अपराधियों की चल-अचल संपत्ति को जब्त किया जाएगा। जो अपराधी जेल के अंदर हैं उनकी भी लिस्टिंग की जा रही है, उनकी भी बेनामी और अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की तैयारी हो गई है। सीकर और झुंझुनूं में एक्टिव अापराधिक गैगों को सबक सिखाने के लिए इनसे जुड़े अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है और उनको जेल में ही रखा जाए, ये तैयारी है। सभी फरार अपराधियों को जेल भेजने के लिए रणनीति बनाई है।ADG दिनेश एमएन ने कहा कि जो लोग धमकी देने के लिए संबंधित व्यापारी या अन्य लोगों के नाम गैंगस्टर को उपलब्ध करवाते हैं, उनको भी आईडेंटिफाई करके गिरफ्तार किया जा रहा है। जो भी नए लड़के अपराधियों की गैंग्स के साथ जुड़ रहे हैं, उन सबके नाम अब पुलिस के पास है, उनको सबको जेल भेजने की तैयारी है। जो अपराधियों से फोन पर बात करते हैं उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो लोग बाहर से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं, उनको लाकर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, जो युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, उनका नशा छोड़ने के लिए मोटिवेट किया जाएगा। नशा करने वाले युवाओं के परिवार वालों से भी संपर्क किया जाएगा, ताकि युवा नशे से बचें। पुलिस मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी, लेकिन इसके लिए आमजन का सहयोग भी जरूरी है क्योंकि आमजन को भी नशे और अपराधों को रोकने के लिए आगे आना होगा। ADG दिनेश एमएन ने कहा कि शेखावाटी पूरे देश में शहीदों और सैनिकों के लिए प्रसिद्ध है। अपराध और नशा शेखावाटी की पहचान नहीं है। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द शेखावाटी क्षेत्र से अपराध और नशे को खत्म किया जाए। इसके लिए शेखावाटी के पढ़े-लिखे लोगों और आमजन को पुलिस का सहयोग करनेे की जरूरत है। अज़रबैजान से प्रत्यर्पण किए गए गैंगस्टर सुनील मीणा के बारे में ADG दिनेश एमएन ने कहा कि राजस्थान पुलिस पूरी निगाह बनाए हुए हैं। उसको भी जल्द ही पुलिस राजस्थान लेकर आएगी और कड़ी पूछताछ की जाएगी। ADG दिनेश एमएन ने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ा चैलेंज यही है कि गैंगस्टर विदेश में बैठकर यहां का अपराध ऑपरेट करते हैं। वो सब डरपोक हैं, इसलिए यहां से विदेश भाग गए। वो इतने ही बड़े गैंगस्टर होते तो उनको यहां ही रुकना चाहिए था। ये अपराधी यहां के छोटे-छोटे बच्चों को बहकाते हैं, उनको सामने कर देते हैं और उनसे वारदात करवाते हैं। ये बच्चे जिंदगी भर क्रिमिनल बनकर जेल में सड़ते हैं। ये गैंगस्टर बच्चों को कनाडा व लंदन भेजने तथा करोड़ों रूपए देने के आश्वासन देते हैं। लेकिन हकीकत यह है जिन्होंने भी अपराध किया है वह सब जेल में हैं, ना कोई कनाडा जाता है ना किसी को रुपए मिलते हैं, इनको तो खाने के भी लाले पड़ जाते हैं। ADG दिनेश एमएन ने कहा कि युवा अगर अपराधियों को हीरो मानेंगे तो उससे कोई फायदा नहीं होगा। आनंदपाल हो या राजू ठेहठ हो, इनका हश्र सबके सामने हैं। क्राइम के रास्ते पर तो अंतिम मुकाम गोली ही है। पिछले 1 साल में राजस्थान पुलिस ने देश के बाहर से 5 अपराधियों को अरेस्ट किया है और सबको भारत लेकर आए हैं। अमित पंडित और जग्गा दुर्गत को अमेरिका में अरेस्ट कर यहां लाने की कार्रवाई चल रही है। अमरजीत बिश्नोई और सुधा कंवर को इटली से डिपोर्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। आदित्य जैन को दुबई से लेकर आए हैं। इसके अलावा सभी एजेंसी अपराधियों को पकड़ने में लगी हुई हैं, वो चाहे वह देश में हो या विदेश में। ऐसे अपराधी राजस्थान के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी वांटेड है। NIA(नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी) भी पीछा कर रही है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही सफलता मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *