राजगढ़ में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की “परवाह” थीम के अंतर्गत जनवरी 2025 को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को राजगढ़ के निजी स्कूल में एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देशन में सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। यातायात सूबेदार प्रशांत शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। वहीं यातायात प्रभारी देवनारायण पांडे ने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने सड़क पर सतर्कता, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही यातायात संकेतों और सड़क अनुशासन के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और स्टाफ ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। सेमिनार के दौरान गुड सेमेरिटन योजना के बारे में बताते हुए पांडे ने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना देने वाले व्यक्ति को सरकार ₹5000 का नकद इनाम देती है। इसके अलावा उन्होंने हिट एंड रन योजना की जानकारी भी दी। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज के लिए उसके परिवार को ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं दुर्घटना में मृत व्यक्ति के परिवार को ₹2,00,000 की सहायता राशि दी जाती है।


