साइकिल पर सवार होकर बहन के लिए दवाई लेने मेडिकल जा रहे दो भाईयों को मैजिक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना के समय माता-पिता खेत पर काम कर थे। हादसा शहर के डीडी नगर थाना अंतर्गत हरथली व सागोद के बीच सड़क मार्ग पर गुरुवार शाम करीब 4.30 बज हुआ है। गांव हरथली निवासी मनीष (13) पिता पारस मईड़ा अपने छोटे भाई राजेश (12) बहन के सिर में दर्द होने पर गांव सागोद में मेडिकल पर दवाई लेने आ रहे थे। पहले भाई मनीष ही अकेला आ रहा था। बाद में राजेश भी साथ में हो गया। सड़क मार्ग पर पीछे से आई मैजिक ने साइकिल पर सवार दोनों भाईयों को टक्कर मार दी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। दोनों घायल भाईयों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेश को भी शरीर पर चोट आई हैं। शाम को मनीष के शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। शुक्रवार सुबह पीएम होगा। माता-पिता खेत पर थे
पिता पारस ने बताया कि हादसे के समय वह खेत पर थे। सूचना मिलने पर सीधे अस्पताल पहुंचे। पारस के चार बच्चे है। जिनमें सबसे बड़ी बेटी लक्ष्मी 11वीं कक्षा में पड़ती है। दूसरे नंबर पर बेटा विनोद (14) कक्षा 10वीं में पढ़ाई करता है। तीसरे नंबर पर मनीष (मृतक) था जो कि कक्षा 8वीं में छात्र था। सबसे छोटा राजेश है जो कक्षा 7वीं में पढ़ता है। मां के नहीं रुक रहे थे आंसू
बेटे की अचानक मौत से माता-पिता सुध बुध खो बैठे। जिला अस्पताल में मां के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। घायल राजेश ने बताया कि साइकिल वह चल रहा था। पीछे बड़ा भाई बैठा था। राजेश के अनुसार पिकअप ने सामने से टक्कर मारी है। जबकि पुलिस का कहना है कि मैजिक ने पीछे से टक्कर मारी है। डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि मैजिक ने पीछे से टक्कर मारी है। एक बच्चे की मौत हुई है। एक घायल हुआ है। मैजिक चालक की तलाश की जा रही है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।


