मैनपुरी की सदर कोतवाली क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पति, उसकी दूसरी पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसके होते हुए गैर समुदाय की एक महिला से दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता की शादी 8 जून 2023 को आगरा निवासी मोहित कुमार उर्फ गोलू से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति नशे में उसके साथ मारपीट करने लगा। जब यह बात मायके वालों को पता चली तो पंचायत बुलाई गई, जिसमें पति ने सुधरने का वादा किया। बाद में पीड़िता को पता चला कि उसके पति के पड़ोस में रहने वाली गैर समुदाय की एक महिला से अवैध संबंध हैं। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पति ने उस महिला से शादी कर ली है और अब दोनों मिलकर पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। साथ ही दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित भी कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


