भास्कर न्यूज | गढ़वा नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मार्केट परिसर से अंबेडकर चौक होते हुए इंदिरा गांधी पार्क तक पैदल मार्च कर विरोध-प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए केंद्र सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिना एफआईआर के सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईडी द्वारा परेशान किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में ईडी को फटकार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है और यदि यह सिलसिला जारी रहा तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। वरिष्ठ नेता उदय नारायण तिवारी ने कहा कि 2021 और 2025 के बीच, प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के कई सेशन किए, जिसमें कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से पांच घंटे और राहुल गांधी से तीन घंटे पूछताछ शामिल है। उन्होंने कहा कि इन पूछताछ की खबरें देश भर के अखबारों के पहले पन्नों पर छपी थीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर लगाए गए आरोप निराधार साबित हो चुके हैं, इसके बावजूद ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग लोकतंत्र को कमजोर करने के बजाय मजबूत करने के लिए होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में केंद्र सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र नाथ तिवारी, उदय नारायण तिवारी, राम करेश चौबे, त्रिपुरारी सिंह, योगेंद्र चौबे, अयूब खान, खुर्शीद आलम, ऋषभ चंद्रवंशी, मोसाहिद हुसैन, बजेंद्र चौधरी, मुस्लिम अंसारी, आनंद यादव, रोहित पाण्डेय, गयासुद्दीन अंसारी आदि कार्यकर्ता शामिल थे।


