भास्कर न्यूज | अमृतसर मजीठा की विधायक बीबा गनीव कौर मजीठिया ने कहा है कि मजीठा बैल्ट में पंजाब पुलिस आम आदमी पार्टी के लिए जिला परिषद चुनाव के लिए लड़ी तथा आप के लिए ही जीती है । इसमें आप नहीं बल्कि पंजाब पुलिस ने रिकार्ड मतदान करवाकर सरकार को जीत दर्ज करवाई है , आप ने कांग्रेस पार्टी के बहिष्कार के बीच लोगों की इच्छाओं को कुचलते हुए धांधली के माध्यम से जीत हासिल की है। मजीठिया ने कहा कि 1992 के बाद से सबसे कम 40 फीसदी मतदान के बावजूद अकाली दल ने चार जिला परिषद सीटों में से एक और 12 ब्लॉक समिति सीटों में से 5 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जीती गई भोमा और भाकरपुर सीटों के लिए आप उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र दिए गए हैं ताकि पार्टी की सीटों की संख्या घटाकर तीन कर दी जाए , जबकि एक अन्य सीट पर छह सीटों से पराजित दिखाया गया। गनीव कौर ने कहा कि सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद लोग आज भी मजीठिया परिवार और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ खड़े हैं।


