बांसवाड़ा में अपराधियों के खिलाफ बांसवाड़ा पुलिस ने गुरुवार को सर्जिकल स्ट्राइक की तर्ज पर बड़ा और एकसाथ अभियान चलाया। ‘एरिया डोमिनेशन’ के तहत जिलेभर में 60 पुलिस टीमों ने एक साथ 321 स्थानों पर छापेमारी की। इस बड़ी कार्रवाई में 244 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। पूरा जिला छावनी में बदला एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए जिलेभर में पहले से रणनीति बनाकर मोर्चाबंदी की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में सभी थानाधिकारियों ने सुबह एक ही समय पर दबिश देना शुरू किया।अभियान में कुल 268 पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने पहले से चिह्नित अपराधियों के ठिकानों पर एकसाथ कार्रवाई की। फरार अपराधियों की भी हुई धरपकड़ पुलिस की इस अचानक और व्यापक कार्रवाई से जिले के बदमाशों में हड़कंप मच गया। पकड़े गए आरोपियों में कई ऐसे अपराधी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस को उनकी तलाश थी।एसपी जोशी के अनुसार, यह अभियान अपराध पर लगाम लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया। आगे भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करेगी।


