बैतूल में एटीएम पिन जनरेट करते समय ग्राहक से ठगी:नकली ATM कार्ड से बदला असली कार्ड, खाते से ₹85 हजार निकाले

बैतूल में इंडियन ओवरसीज बैंक की गंज शाखा में एटीएम पिन जनरेट करते समय एक ग्राहक के साथ ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने ग्राहक के खाते से करीब 85 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, खाताधारक अंकित कासदे बैंक के एटीएम में अपना पिन जनरेट कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। पिन जनरेट होने के बाद आरोपी ने मौका पाकर धोखे से अंकित का एटीएम कार्ड सपना तिवारी नाम के नकली एटीएम कार्ड से बदल दिया था। कुछ देर बाद एटीएम से बाहर निकलते ही अंकित के मोबाइल पर पैसे निकाले जाने के मैसेज आने लगे। जब तक वह वापस बैंक पहुंचे और अधिकारियों को जानकारी दी, तब तक उनके खाते से करीब 85 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी शाहपुर के पहावाड़ी इलाके का निवासी है, जिसने ट्रैक्टर खरीदने के लिए बैंक में खाता खुलवाया था। पीड़ित ने साइबर सेल और गंज थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *