भास्कर न्यूज | लुधियाना कड़ाके की ठंड के बीच होजरी व्यापार में तेजी तो आई है, लेकिन माल की कमी ने कारोबारियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। फैक्ट्रियों में होजरी उत्पादों का स्टॉक खत्म हो चुका है, और गर्मियों के प्रोडक्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेलर्स ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने में असमर्थ हैं। अब कारोबारियों को लोहड़ी और ईद के सीजन से ही उम्मीद है। फैक्ट्री मालिकों का कहना है कि सर्दियों के लिए अतिरिक्त उत्पादन अब संभव नहीं है क्योंकि कच्चे माल की कमी और आगामी गर्मियों के प्रोडक्शन की योजनाओं के चलते होजरी का निर्माण रुक गया है। इस बीच, रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने बताया कि ग्राहकों की मांग पूरी न कर पाने से व्यापार में नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। शहर के होजरी डिस्ट्रीब्यूटर ने कहा कि ठंड के चलते बाजार में होजरी की डिमांड काफी बढ़ी है, लेकिन फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन रुकने से हमें माल नहीं मिल पा रहा। ग्राहक मायूस होकर लौट रहे हैं, जिससे हमारी बिक्री प्रभावित हो रही है। गांधी नगर के होजरी व्यापारी सोनू ने कहा कि इस साल उन्होंने पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा माल तैयार किया था। हालांकि, ज्यादा मांग के चलते उनका सारा स्टॉक जल्दी ही बिक गया। अब डिस्ट्रीब्यूटर्स लगातार और माल की मांग कर रहे हैं, लेकिन फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन बंद हो चुका है। अब गर्मियों के प्रोडक्शन की तैयारी चल रही है। सर्दियों के इस सीजन में माल की कमी से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मॉडल टाउन के दुकानदार गुरदीप सिंह सोनी ने कहा कि इस साल काम में तेजी तो आई है, लेकिन माल की कमी ने कारोबारियों को सेल लगाने से रोक दिया है। पिछले साल की तुलना में इस बार ग्राहकों की डिमांड अधिक है, लेकिन जो सेल पहले लगती थी, वह इस बार लोहड़ी पर नहीं होगी। माल की उपलब्धता सीमित होने के कारण ग्राहक अपनी पसंद के उत्पाद बिना ज्यादा मोलभाव किए खरीद रहे हैं। अब रिटेलर्स को उम्मीद है कि लोहड़ी और ईद के सीजन में कारोबार फिर से गति पकड़ेगा। होजरी कारोबारी दर्शन डावर ने बताया कि इस बार ठंड के लंबे समय तक रहने की संभावना है। इससे होजरी के माल की डिमांड और बढ़ेगी। फैक्ट्रियों में जो भी होजरी का माल तैयार किया गया था, वह पहले ही बिक चुका है। अब रिटेलर्स के लिए यह कमाई का समय है, क्योंकि बाजार में डिमांड तो है, लेकिन सप्लाई पूरी नहीं हो पा रही। उन्होंने कहा कि पिछले साल से इस साल रिटेलर्स के लिए दोगुना कमाई होने की उम्मीद है। अकाल गढ़ मार्केट के दुकानदार परमिंदर सिंह बग्गा ने बताया कि इस बार ईद जल्दी होने के कारण लोहड़ी और ईद के सीजन में खरीदारी बढ़ने की संभावना है। ग्राहक इन दोनों त्योहारों के मौके पर जमकर शॉपिंग करेंगे, जिससे रिटेलर्स के पास होजरी का पूरा माल बिक जाएगा। इस बार बाजार में सर्दी का माल बिल्कुल नहीं बचेगा। बढ़ती डिमांड के कारण ग्राहकों को अपनी पसंद का माल जल्द से जल्द खरीदना होगा, क्योंकि दुकानों में स्टॉक सीमित है। होजरी व्यापारी सुरिंदर सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस साल होजरी का सीजन व्यापार के लिहाज से बेहद अच्छा रहा, लेकिन माल की कमी ने कारोबार को प्रभावित किया है। मक्कड़ ने यह भी बताया कि डिमांड बढ़ने के बावजूद बाजार में इस बार कोई भी ब्रांड सेल नहीं लगा रहा है। उनका मानना है कि सर्दी की लंबी अवधि के चलते बिक्री में कुछ बढ़ोतरी जरूर हो सकती है, लेकिन बड़े स्तर पर सेल का आयोजन अब संभव नहीं है।


