भास्कर न्यूज | लुधियाना युवा सेवा विभाग ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत गांव नत्थोवाल और तुंगाहेड़ी में जागरूकता सेमिनार और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। सहायक निदेशक दविंदर सिंह लोटे ने कहा कि नशा युवाओं के जीवन को बर्बाद कर रहा है और समाज पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। पुलिस, स्थानीय नेता और ग्रामीणों ने भी इस मुहिम में सहयोग करते हुए नशे से दूर रहने और इसे रोकने के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताते हुए दविंदर सिंह लोटे ने कहा कि नशे के कारण न केवल कई युवाओं की असमय मौत हो रही है, बल्कि परिवार और समाज भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर इस समस्या के खिलाफ आवाज उठानी होगी। हठूर पुलिस स्टेशन के नरिंदरपाल सिंह ने नशे के बुरे प्रभावों को उजागर करते हुए कहा कि यह युवाओं के जीवन और उनके आसपास के लोगों के लिए भी खतरा है। उन्होंने नशे को जड़ से मिटाने के लिए सामुदायिक प्रयासों की जरूरत पर बल दिया। कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के खतरों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इस दौरान तरसेम सिंह ने ग्रामीणों को जागरूक किया, जबकि यूथ सर्विसेज क्लब के अध्यक्ष सुखप्रीत सिंह और जगप्रीत सिंह ने युवाओं को प्रेरित करने के लिए सेवाएं प्रदान कीं। इस मौके पर सरपंच जसविंदर सिंह, मनप्रीत सिंह, रणधीर सिंह, रणजीत कौर, चरणजीत सिंह, अर्शदीप सिंह और जुगराज सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने नशे के खिलाफ इस अभियान को व्यापक रूप से जारी रखने का आश्वासन दिया।


