अस्थाई पंपिंग स्टेशन पर बिजली कनेक्शन और पैनल लगाएं अफसर : स्पीकर कुलतार

भास्कर न्यूज | लुधियाना विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने बुड्ढा दरिया स्थल का दौरा कर अधिकारियों को जल्द से जल्द बिजली कनेक्शन और पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्यसभा सांसद संत सीचेवाल द्वारा बुड्ढा दरिया की सफाई के लिए शुरू की गई कार सेवा की सराहना की। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल, विधायक गुरप्रीत गोगी के साथ गुरुद्वारा गऊघाट के पास तैयार हो रहे अस्थायी पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। संत सीचेवाल ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को बताया कि यह कार सेवा पिछले दिनों की गई पवित्र काली बेईं की कार सेवा की तर्ज पर संगत के सहयोग से की जा रही है। बुड्ढा दरिया को प्रदूषित कर रहे शहर के गंदे पानी को रोकने के लिए सेवादारों द्वारा ढाई साल से दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं। अस्थायी पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने का कार्य 31 दिसम्बर को शुरू हुआ था जो अब पूरा हो चुका है। अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि बुड्ढा दरिया को साफ करना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का सपना है और सरकार इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सांसद संत सीचेवाल को आश्वासन दिया कि इस कार्य के लिए हर तरह का सहयोग दिया जाएगा। वहीं,स्पीकर ने स्थानीय निकाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तेजवीर सिंह और नगर निगम आयुक्त आदित्य डेचलवाल से भी फोन पर बात की और आवश्यक निर्देश जारी किये। भाजपा लूटकर सरकार बनाती है: स्पीकर… विस स्पीकर ने कहा कि भाजपा इलेक्शन लड़कर नहीं बल्कि लूटकर सरकार बनाती है। दस-दस हजार फर्जी वोट बनाए गए हैं। कहाकि दिल्ली में आप की सरकार बनेगी और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल दोबारा सीएम बनेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *