गिरफ्तारी का डर दिखाकर 81 साल के रिटा. लेफ्टिनेंट कर्नल से 35.30 लाख रुपए ठगे

लुधियाना | साइबर ठगों ने 81 साल के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल को गिरफ्तारी का डर दिखाकर 35.30 लाख रुपए की ठगी की। रिटायर्ड अफसर परोपकार सिंह सिबिया के बच्चे विदेश में हैं। लुधियाना में वह केयर टेकर के साथ अकेले रहते हैं। उन्हें 5 जनवरी की शाम 3 बजे किसी रणदीप सिंह का फोन आया। उसने कहा कि वह टेलीकाम ​अथॉरिटी से बोल रहा है। 2 घंटे के भीतर मुंबई में अंधेरी ईस्ट थाने की पुलिस से संपर्क करें। ऐसा नहीं नहीं किया तो आपके फोन की सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। रिटायर्ड अफसर ने कहा कि उनकी सेहत ठीक नहीं है। वे खुद ही उनका संपर्क करवा दें। इसके बाद प्रदीप सावत ने पुलिस और आकाश शर्मा ने सीबीआई अधिकारी बनकर संपर्क कर कहा कि आपके बैंक अकाउंट में मनी लॉन्ड्रिंग के 6.5 करोड़ रुपए मिले हैं। इस बाबत मुंबई में केस दर्ज किया गया है। आपको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों ने रिटा. सैन्य अफसर से कई सवाल पर उनके किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। आरोपियों का कहा कि अगर बचना है तो हमारे साथ सारी जानकारी साझा कर लें। वरना, गिरफ्तारी पक्की है। आपकी प्रॉपर्टी समेत बैंक अकाउंट सीज किए जा रहे हैं। सिबिया से ठग बोले… आप बेगुनाह साबित हुए तो 72 घंटे में पैसे वापस हो जाएंगे शातिर साइबर ठगों ने रिटायर्ड अफसर से कहा, आप बेगुनाह साबित हुए तो 72 घंटे के भीतर पैसे वापस हो जाएंगे। वीडियो कॉल के जरिए 3 दिन तक उलझाए रखा। 8 जनवरी की शाम ठगी होने का अहसास होने पर पुलिस को पूरा मामला बताया। एसएचओ इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बैंकों से संपर्क कर पैसा हासिल करने वालों का पता लगाया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *