भास्कर न्यूज | लुधियाना स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय विद्या मंदिर ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। छात्रों ने नारे लेखन तथा पोस्टर मेकिंग में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। भारतीय विद्या मंदिर, ऊधम सिंह नगर ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय की अध्यापिका शीतल दत्ता ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला। स्वामी जी भारतवर्ष के महान, प्रभावशाली दार्शनिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक नेता थे जिन्होंने प्रत्येक बालक के स्वर्णिम भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का अनुसरण करते हुए भारत की भावी युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास के लिए अथक प्रयास किये। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नारा, लेखन तथा पोस्टर मेकिंग द्वारा स्वामी जी के प्रति अपने भाव प्रस्तुत किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा गुप्ता ने इस विशेष दिवस का महत्व बताया। कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का जीवन एवं उनकी शिक्षाएं आज की युवा पीढ़ी के लिए महान प्रेरणा स्रोत हैं तथा युवा पीढ़ी पर ही किसी भी राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है।


