कुजू 143 करोड़ की लागत से कुजू से रांची रोड तक 7.27 किमी प्रस्तावित वाई कनेक्शन लाइन का निर्माण कार्य रेलवे विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। कुजू-अरगड्डा रेलवे लाइन के पैरेलल में नया लाइन बनाने का काम किया जा रहा है। पोकलेन से दिन रात मिट्टी की कटाई कर ट्रैक बनाने का काम किया जा रहा है। रेलवे विभाग के अधिकारी का माने तो, एक वर्ष के दरमियान कुजू- रांची रोड रेलवे मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गत 1 मार्च 2024 को धनबाद से कुजू- रांची रोड प्रस्तावित रेलवे लाइन का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया था। इसका निर्माण पूरा होने के बाद एक रूट ब्लॉक होने पर दूसरे रूट से तय स्थान पर पहुंचा जा सकता है। बताया जाता है कि कुजू से रांची रोड जाने के लिए भाया अरगड्डा होकर जाना पड़ता है। जिसकी दूरी करीब 11.8 किलोमीटर तय करनी पड़ती है।साथ ही गॉड वैन का रूट भी उल्टा पड़ जाता है। जिससे शंटिंग करने की जरूरत पड़ती है। अब 143 करोड़ के लागत से तैयार हो रहे कुजू-रांची रोड रेल लाइन की दूरी 11.8 किलोमीटर से घटकर 7.27 किलोमीटर होगी। फलस्वरुप 4 किलोमीटर की दूरी घट जाएगी।साथ ही परियोजना के पूरा होने से अरगड्डा स्टेशन के भीड़ भाड़ वाले यार्ड में शंटिंग और इंजन रिवर्सल से समय की बचत होगी।साथ ही बिजली संयंत्र को कोयले की रेक की आपूर्ति निर्बाद रूप से हो सकेगी। इस वाई कनेक्शन रेल लाइन का निर्माण से रेल यातायात और भी सुगम हो जाएगा। कुजू से रांची रोड आने जाने में यात्रियों को आसानी होगी। इस बाईपास रेल लाइन के निर्माण पूरा होने के बाद कुजू से रांची रोड या रांची रोड से कुजू आने -जाने के लिए बरकाकाना स्टेशन नहीं जाना पड़ेगा। इससे दूरी और समय की दोनों बचत होगी। जानकारी के अनुसार 8 पुल-पुलिया और 5 रोडब्रिज की भी निर्माण किया जाएगा।


