भास्कर न्यूज | अमृतसर भले ही गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले को पुलिस नाकार रही है, लेकिन इस मामले में पुलिस अलग-अलग टीमे बनाकर आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई है। गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले को लेकर एसीपी शिवदर्शन ने बयान दिया था कि कार का रेडिएटर फटा है, लेकिन शुक्रवार सुबह 8 बजे से एसीपी और अलग-अलग टीमें अब खुद वेरका बाइपास से लेकर अटारी हाईवे तक लगे सीसीटीवी चैक कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने पेट्रोल पंप पर भी लगे सीसीटीवी को खंगालते हुए फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। ऐसे में पुलिस को अपने ही बयान पर भरोसा होता नहीं दिख रहा। इसी के साथ पुलिस की छानबीन पशियां के दावे को मजबूत रही रही है। जब इस मामले को लेकर अटारी हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी चैक करने के लिए दैनिक भास्कर टीम पहुंची तो पेट्रोन पंप के कारिंदों ने कहा कि पुलिस सुबह उनके पास आई थी। फुटेज चेक कर मोबाइल में वीडियो बनाकर लेकर गए हैं। उन्होंने किसी को भी सीसीटीवी दिखाने से मना किया है। पुलिस चौकी गुमटाला के बाहर हुए धमाके की विदेश बैठे हैप्पी पशियां की ओर से जिम्मेवारी लेने के बाद इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल और एजेंसी की टीम भी जुट गई है। धमाके की गुत्थी को सुलझाने के लिए वीरवार देर रात सीनियर ऑफिसरों की बैठक हुई। जिसमें करीब 7 टीमों का गठन किया गया है। जो शुक्रवार सुबह से आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। उधर, शहर की नामी कार रिपेयर फर्म के मालिक बताया कि सर्दियों के दिनों में कारों के रेडिएटर में धमाके के बहुत कम चांस होते हैं। गुमटाला चौकी के बाहर तैनात पुलिस।


