रायसेन जिला अस्पताल में कॉकरोच मामले के बाद सुधार अभियान:कलेक्टर निरीक्षण पर पहुंचे, सफाई बेहतर मिली, डॉक्टरों की कमी पर भी चर्चा

रायसेन जिला अस्पताल में बीते दिनों कॉकरोच और कीड़े मिलने के बाद कई व्यवस्थाओं में बदलाव और सुधार किया गया है। खासकर सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया गया। शुक्रवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों से संवाद किया और उनका फीडबैक लिया। कलेक्टर ने मरीजों से जिला अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था और डॉक्टरों की उपस्थिति के विषय में जानकारी ली। इसके अलावा, कलेक्टर डॉक्टरों के चैंबर में भी पहुंचे, जहां कुछ डॉक्टर उपस्थित मिले तो कुछ राउंड पर होने के कारण मौजूद नहीं थे। बता दें कि जिला अस्पताल में बीते दिनों बाल कल्याण समिति द्वारा निरीक्षण किया गया था। इस दौरान प्रसूता सहित अन्य वार्डों में कॉकरोच और कीड़े मिले थे। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने एक जांच दल का गठन किया था। यह जांच दल दिन में तीन बार जिला अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण सहित व्यवस्थाओं के विषय में जांच-पड़ताल करता है। इस जांच दल में डिप्टी कलेक्टर मनोज उपाध्याय, एसडीएम मनीष शर्मा, सीएमएचओ हरिनारायण मंड्रे और सीएमओ सुरेखा जाटव शामिल हैं। कलेक्टर के जाने के बाद सीएमएचओ हरिनारायण मंड्रे ने भी अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने वार्डों में पहुंचकर साफ-सफाई व्यवस्था सहित बेडशीट और अन्य व्यवस्थाएं देखीं। उन्हें यहां काफी व्यवस्थाएं बदली हुई और पहले से बेहतर मिलीं। उन्होंने सुपरवाइजरों को और अच्छे से जिला अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ ने जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर भी बात की। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की कमी के विषय में वरिष्ठ कार्यालय को मांग भेजी गई है। अभी वरिष्ठ कार्यालय से रायसेन जिले के लिए दो डॉक्टरों को भेजा गया है, जो बेगमगंज, जिला मुख्यालय और सांची के सरकारी अस्पतालों में अपनी सेवाएं देंगे। इसके अतिरिक्त, सीएमएचओ ने जिला अस्पताल में बंद पड़ी लिफ्ट के विषय में पीआईयू विभाग के अधिकारियों को फोन पर अवगत कराकर उसे जल्द ही ठीक करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *