सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में वन विभाग द्वारा ‘अनुभूति कार्यक्रम’ वर्ष 2025-26 का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना है। मध्य प्रदेश ईको पर्यटन बोर्ड, भोपाल के तत्वावधान में यह कार्यक्रम संजय टाइगर रिजर्व, सीधी के मोहन पार्क परिक्षेत्र अंतर्गत मोहन कोर के पेट्रोलिंग कैम्प मांच महुआ में 18 और 19 दिसंबर को संपन्न हुआ। इसका आयोजन क्षेत्र संचालक के निर्देशन और उप संचालक के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के पहले दिन, 18 दिसंबर को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुसमी के 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्वल्पाहार के बाद मास्टर ट्रेनर श्री प्रकाश दुबे और प्रेरक डॉ. कैलाश तिवारी (सेवानिवृत्त पशु चिकित्सा अधिकारी) के मार्गदर्शन में लगभग 1.5 किलोमीटर की ट्रेल वॉक कराई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को वन एवं वन्य प्राणी संरक्षण, वन प्रबंधन, जैव विविधता, पक्षियों, औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों की उपयोगिता के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके पश्चात् एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। ग्राम पंचायत मझिगवां के सरपंच श्री रवि पड़वार ने सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। दोपहर के भोजन के बाद, सभी छात्रों को प्रकृति संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में, 19 दिसंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जूरी के 120 छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दिन 2 किलोमीटर की ट्रेल वॉक के माध्यम से उन्हें प्रकृति से प्रत्यक्ष परिचय कराया गया। साथ ही, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। जनपद सदस्य श्री अतिबल सिंह ने प्रमाण-पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर, शिक्षक समुदाय ने वन विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक, बौद्धिक और पर्यावरणीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


