राज्य में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में कोई ठोस काम नहीं किया है। बीकानेर में कोई नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है। डॉ. कल्ला ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग की समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस सरकार के समय 35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन मौजूदा सरकार में अब तक उस पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि गोचर भूमि के मामले में बीकानेर के भामाशाहों ने अपनी ओर से जमीन खरीदकर गोचर विकसित किया, जबकि जिला कलेक्टर और बीडीए ने इस मामले में “पाप का काम” किया है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद कॉलेज के लिए बजट स्वीकृत किया गया था, लेकिन आज तक उसका निर्माण नहीं हो पाया। इसी तरह मुरलीधर व्यास नगर में महिला कॉलेज के लिए बजट दिया गया था, मगर वहां भी कोई काम शुरू नहीं हुआ। डॉ. कल्ला ने यह भी कहा कि डूंगर कॉलेज और एम. एस. कॉलेज को अब तक यूनिवर्सिटी से संबद्ध नहीं किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मूंगफली खरीद में गड़बड़ी इस मौके पर पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल ने कहा कि मूंगफली की खरीद में भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसी भी मुद्दे पर सफल नहीं हो पाई है और लाठी के दम पर सरकार चलाई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अनुभवहीन बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जिन योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत हुआ था, उन्हीं पर आज भी काम चल रहा है।


