कपूरथला-करतारपुर रोड पर मिलिट्री कैंटीन के पास घने कोहरे के कारण पराली की गांठों से लदी एक ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन सड़क पर पराली फैलने से यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पराली की गांठों व ट्रॉली को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। ट्रैफिक इंचार्ज इंस्पेक्टर दर्शन सिंह ने बताया कि देर रात यह घटना हुई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और पराली की गांठों को सड़क से हटवाया। इसके बाद ट्रॉली को सीधा करवाकर यातायात सुचारु किया गया। गौरतलब है कि बीती रात से ही क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई है, जिससे दृश्यता कम होने के कारण ऐसे हादसे होने की आशंका बढ़ जाती है।


