ट्रेन की चपेट में आने से हेल्पर की मौत:रणथंभौर एक्सप्रेस के इंजन में फंसा शव, आधे घंटे रुकी ट्रेन; ट्रैक पर काम करते समय हादसा

बूंदी के लाखेरी में शुक्रवार दोपहर सवा एक बजे रणथंभौर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक रेलवे हेल्पर की मौत हो गई। यह हादसा इंदरगढ़-लाखेरी रेलवे स्टेशन के बीच नाड़ी भावपुरा गांव के पास हुआ। हेल्पर रेलवे ट्रैक पर काम कर रहा था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका शव इंजन के आगे लगे हुक में फंस गया, जिससे वह क्षत-विक्षत हो गया। लाखेरी थाने के हेड कॉन्स्टेबल सोहन लाल गुर्जर ने बताया कि दोपहर में एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर मृतक की पहचान धरब योगी (31) निवासी सुरौठ, जिला करौली के रूप में हुई। धरब योगी रेलवे में हेल्पर के पद पर कार्यरत था। धरब योगी दोपहर में भावपुरा गांव के पास पीर बाबा की मजार के निकट रेलवे ट्रैक पर काम कर रहा था। इसी दौरान सवाईमाधोपुर की तरफ से आ रही रणथंभौर एक्सप्रेस अप लाइन पर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हेल्पर का शव इंजन के आगे लगे हुक में फंसकर काफी दूर तक घिसटता रहा। बाद में ट्रेन को रोककर शव को अलग किया गया और लाखेरी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। इस घटना के कारण ट्रेन आधे घंटे तक खड़ी रही। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, और वे गांव से लाखेरी के लिए रवाना हो गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *