अनूपपुर यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने और घायलों की जान बचाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर की पहल पर जिलेभर में सीपीआर/बीएलएस (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन/बेसिक लाइफ सपोर्ट) का व्यापक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन्हें आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक सहायता, सीपीआर और अन्य जीवनरक्षक उपायों की व्यावहारिक जानकारी देना है। यह प्रशिक्षण जिले की अनुभवी डॉक्टरों की टीम द्वारा प्रदान किया जा रहा है। अब तक 6 डॉक्टरों ने विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए हैं, जिनमें 200 से अधिक नागरिकों को जीवन बचाने का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।अनूपपुर यातायात पुलिस ने इस अभियान को जिले के सभी 11 चिह्नित ब्लैक स्पॉट तक पहुँचाया है। इसके अतिरिक्त, अमरकंटक, करनपठार, रामनगर और बिजुरी जैसे दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्थानीय नागरिकों को प्रशिक्षित किया गया है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके। यातायात थाना प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि प्रशिक्षण में सड़क दुर्घटना के दौरान हार्ट अटैक आने पर सीपीआर कैसे देना है, सांस रुकने पर क्या करना है, फ्रैक्चर होने पर घायल को कैसे संभालना है और सिर में चोट लगने पर क्या प्राथमिक उपचार देना है, जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाती है।


