सागर में शुक्रवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर शहर में हो रही आपराधिक घटनाओं का विरोध किया। व्यापारी सुरक्षा की मांग को लेकर आईजी ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और आईजी के नाम एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि सागर में लूटपाट, चोरी, कटर बाजी समेत खुलेआम दहशतगर्दी की वारदात हो रही हैं। जिससे आमजनता दहशत में है। हालही में मंडी रोड पर अनाज व्यापारी के मुनीम के साथ 14 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की। जिम्मेदार पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की जांच कर कार्रवाई करने, बाजार में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की है। व्यापारियों ने कहा कि लूट की वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। अपराधों पर लगाम नहीं लगने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। व्यापारियों की मांगें सुन एडिशनल एसपी ने बाजार में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।


