मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में शीतकालीन अवकाश की शुरुआत 20 दिसंबर से हो रही है। हालांकि औपचारिक रूप से अवकाश 22 दिसंबर से घोषित हैं, लेकिन 20 दिसंबर शनिवार और 21 दिसंबर रविवार होने के कारण न्यायिक कार्य पहले ही बंद हो जाएगा। हाईकोर्ट में ये छुट्टियां 2 जनवरी तक रहेंगी। इसके बाद 3 जनवरी शनिवार और 4 जनवरी रविवार होने से सामान्य कामकाज नए साल में 5 जनवरी से शुरू हो पाएगा। अवकाश अवधि के दौरान हाईकोर्ट में केवल अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई की जाएगी। जिला कोर्ट में 24 से छुट्टी जिला न्यायालयों में शीतकालीन अवकाश 24 दिसंबर से शुरू होंगे। यहां भी 20 दिसंबर शनिवार और 21 दिसंबर रविवार की नियमित छुट्टी रहेगी, जबकि 22 और 23 दिसंबर को कोर्ट खुली रहेंगी। जिला कोर्ट में अवकाश 1 जनवरी तक रहेंगे और 2 जनवरी से कामकाज शुरू होगा। इसके बाद 3 और 4 जनवरी को शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी। 2 जनवरी को भी अवकाश की मांग स्टेट बार काउंसिल के सदस्य एनके जैन ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर जिला न्यायालयों में 2 जनवरी को भी अवकाश घोषित करने की मांग की है। यदि यह मांग स्वीकार हो जाती है, तो जिला कोर्ट में भी सामान्य कामकाज 5 जनवरी से ही शुरू होगा। गौरतलब है कि 12 जनवरी को इंदौर में कई जनहित याचिकाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई प्रस्तावित है, ऐसे में अधिवक्ताओं और वादकारियों की नजरें कोर्ट प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।


