बैतूल नाबालिग हत्या केस में पुलिस का सख्त एक्शन:मुख्य आरोपी के पिता और साथी का कान पकड़वाकर शहर में जुलूस निकाला

बैतूल में नाबालिग विवेक मरकाम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर, उसके पिता कृपाल ठाकुर और साथी जुनैद का जुलूस निकाला। तीनों को अन्नू के घर चुन्नीढाना से गंज के व्यस्त इलाके और कोठीबाजार के मुख्य मार्गों पर कान पकड़कर घुमाया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा और राहगीरों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस सनसनीखेज हत्या प्रकरण में पुलिस ने अब तक अन्नू ठाकुर, पिता कृपाल ठाकुर, जुनैद और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर 17 वर्षीय विवेक मरकाम की चुन्नीढाना क्षेत्र में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी उसे सागौन बाबा दरबार से अगवा कर वहां ले गए थे। विवेक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। गिरफ्तार अन्नू और जुनैद को भारत भारती क्षेत्र से पकड़ा गया, जबकि कृपाल ठाकुर को उसके घर से हिरासत में लिया गया। फरार आरोपियों में रोहित और अभिषेक ठाकुर (अन्नू के भाई) समेत तीन लोगों की तलाश जारी है। कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। जांच में सामने आया- पुराना विवाद था
जांच में सामने आया है कि मृतक विवेक और अन्नू ठाकुर के बीच पुराना विवाद था। भग्गूढाना में गाड़ी टकराने के विवाद के बाद विवेक ने अन्नू पर चाकू से हमला किया था। बाद में अन्नू ने विवेक के घर जाकर भी हमला किया था, लेकिन तब मामला दर्ज नहीं हुआ। दोनों ही जमानत पर थे। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने माना कि विवेक बार-बार उन्हें धमका रहा था, इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त रॉड, डंडे और फावड़े बरामद कर लिए गए हैं। मृतक विवेक की मां शिक्षिका हैं और पिता वन विभाग में कार्यरत हैं। घटना के बाद नागरिकों ने चुन्नीढाना से गंज मार्केट, कॉलेज रोड और कोठीबाजार तक जुलूस निकालकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *