कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में दो पड़ोसियों के बीच हुआ आपसी विवाद एक बुजुर्ग की मौत का कारण बन गया। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 60 वर्षीय अनिल गौतम के साथ मारपीट की गई, जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे दीपांशु गौतम ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले कमलेश राठौर और ललित राठौर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। उनके पिता अनिल गौतम विवाद शांत कराने पहुंचे थे, इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उनकी मां और पिता के साथ मारपीट की। मारपीट के बाद उनके पिता वहीं बेहोश होकर गिर गए। घटना के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में परिजन और रिश्तेदार एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसे देखते हुए महावीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद डीएसपी मनीष शर्मा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाइश की। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि सुबह अनिल गौतम को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही कल परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।


