धौलपुर के बसेड़ी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पार्वती नदी के बीहड़ में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान महू का नगला निवासी सुनील (22) पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुनील 13 दिसंबर को दोपहर करीब 4 बजे अपने घर से ससुराल सहरौली जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। गुरुवार शाम को गांव के बाहर पार्वती के बीहड़ में एक पेड़ से शव लटका होने की सूचना मिली। बसेड़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बसेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतक के भाई अनिल की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों के बयान, घटनास्थल की स्थिति और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। कंटेंट: अंकित गर्ग बसेड़ी


