चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित एक पोल फैक्ट्री में 19 वर्षीय महिला ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतका की पहचान कलमती डामोर के रूप में हुई है। वह अपने पति गोविंद डामोर के साथ पोल फैक्ट्री परिसर में बने एक कमरे में रहती थी। यह पति-पत्नी मूल रूप से मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के रहने वाले है और मजदूरी के लिए यहां आये हुए थे। शुक्रवार को जब पति गोविंद काम पर था, तब कलमती ने कमरे के भीतर फांसी लगा ली। फैक्ट्री में महिला द्वारा आत्महत्या की सूचना मिलते ही रतनगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर रतनगढ़ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के परिजनों और पीहर पक्ष को सूचना दी है।
शव का पोस्टमॉर्टम एसडीएम की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा किया जाएगा। परिजनों के पहुंचने के बाद ही आगामी कानूनी कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू होगी। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


