झालावाड़ जिले में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक जिला स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र महिला लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। सम्मेलन के दौरान बालिका प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सत्र 2025-26 में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली 10 बालिकाओं को 5-5 हजार रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। गार्गी पुरस्कार योजना के तहत कक्षा 11 की 5 बालिकाओं को प्रथम किस्त और कक्षा 12 की 5 बालिकाओं को द्वितीय किस्त के रूप में 3-3 हजार रुपए की राशि देकर लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 5 महिला लाभार्थियों को 25-25 हजार रुपए की किस्त के रूप में सहायता राशि प्रदान की गई। राजीविका के माध्यम से संचालित लखपति दीदी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूह को 5 करोड़ रुपए के ऋण की राशि का चेक भी सौंपा गया। समारोह में लखपति दीदी योजना से पूर्व में लाभान्वित हुईं पवित्रा पारेता और दुर्गा बागवान ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने अन्य महिलाओं को प्रेरित करते हुए अपने अनुभव बताए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, पूर्व प्रधान भावना झाला, सीता भील, महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजिता पांडे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र दुबे ने किया।


