हरदा में कल (शनिवार) करणी सेना के जन क्रांति आंदोलन के कारण नेहरू स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में नए मार्ग निर्धारित किए हैं। ट्रैफिक थाना प्रभारी उमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि रविवार को होने वाले इस आंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे नेहरू स्टेडियम और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ हो सकती है। सामान्य नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। हरदा से छिपानेर की ओर जाने और आने वाले वाहन अस्पताल तिराहा, नई सब्जी मंडी मार्ग, प्रताप टॉकीज मार्ग, बायपास चौराहा होते हुए छिपानेर चौक का वैकल्पिक मार्ग उपयोग कर सकेंगे। खंडवा की ओर से इंदौर या नर्मदापुरम-बैतूल की ओर जाने वाले वाहनों के लिए खेड़ीपुरा चौराहा, बायपास चौराहा, पुलिस लाइन हरदा और फोरलेन बायपास रोड का उपयोग करना होगा। इसी तरह, नर्मदापुरम और बैतूल की ओर से आने वाले वाहन उड़ा फोरलेन ब्रिज का उपयोग करते हुए छोटी हरदा ब्रिज से बजाज शोरूम, चित्रा इमली तिराहा और बायपास चौराहा होते हुए खंडवा रोड पर जा सकेंगे। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नेहरू स्टेडियम क्षेत्र की ओर आने से बचें। सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी असुविधा के लिए यातायात पुलिस थाना के फोन नंबर 07577-222104 पर संपर्क किया जा सकता है।


