भास्कर न्यूज| दुमका राजभवन के आदेश पर शुक्रवार की शाम सिदो- कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डा.बिमल प्रसाद सिंह की मौजूदगी में पुलिस बल की मदद से 46 दिनों से चल रही शिक्षकेतर कर्मियों की तालाबंदी व हड़ताल खत्म कराने की कार्रवाई की है। हालांकि, जिस वक्त यह कार्रवाई की गई उस वक्त हड़ताल पर बैठने वाले कर्मचारी घर लौट चुके थे। उनकी अनुपस्थिति में पुलिस बल के सहयोग से विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एकेडमिक ब्लॉक व परीक्षा भवन का ताला तोड़वाने की कार्रवाई की । इस मामले में कुलपति ने कहा कि उन्हें राजभवन व सरकार के स्तर से यह आदेश दिया गया कि वह हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठें और पुलिस की मदद से तालाबंदी व हड़ताल खत्म कराएं। इसी आदेश के आलोक में शुक्रवार की शाम को यह कार्रवाई की गई है। कुलपति ने कहा कि शिक्षकेतर कर्मी सातवां वेतनमान के तहत भुगतान करने की मांग कर रहे हैं। कहा कि इसी को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर जो भी कागजी कार्रवाई इस मामले में की जानी है वह की गई है। कर्मियों से भी कहा गया है कि वह अपना पूरा कागजात कुलसचिव के माध्यम से उपलब्ध कराएं। इस सवाल पर कि अगर शनिवार को फिर से शिक्षकेतर कर्मी हड़ताल व तालाबंदी करते हैं तो विश्वविद्यालय प्रबंधन दोबारा पुलिस प्रशासन को आवेदन देकर समुचित कार्रवाई करने का आग्रह करेगी। इधर, शिक्षकेतर महासंघ के अध्यक्ष नेतलाल मिर्धा ने कहा कि उन्हें आधिकारिक तौर पर ऐसी किसी भी कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसी तालाबंदी को खत्म कराने की पहल विश्वविद्यालय प्रबंधन के स्तर से की गई तो महासंघ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी।


